BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ ट्रक मालिकों पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी का आरोप:बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारियों...

ट्रक मालिकों पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी का आरोप:बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारियों ने एसपी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की

बस्ती में बिल्डिंग मैटेरियल के व्यापारियों ने कुछ ट्रक मालिकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि ट्रक मालिक उन्हें बाजार भाव से ज्यादा कीमत पर मोरंग और गिट्टी खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। इस मामले में बिल्डिंग मैटेरियल एसोसिएशन ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई और व्यापारियों की सुरक्षा की मांग की है। एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि पिछले करीब एक हफ्ते से कुछ ट्रक मालिक मोरंग, गिट्टी और सीमेंट का कारोबार करने वाले दुकानदारों पर दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि ये लोग दुकानों पर पहुंचकर बाजार भाव से करीब 5 से 7 रुपये प्रति फीट ज्यादा कीमत पर मोरंग और गिट्टी खरीदने को कहते हैं। अगर व्यापारी उनकी बात नहीं मानते, तो 20 से 30 लोगों के साथ आकर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकी देते हैं। व्यापारियों ने यह भी बताया कि खलीलाबाद से आने वाली मोरंग ट्रकों में नाप के हिसाब से मिलती है, जबकि स्थानीय ट्रक मालिक वजन के हिसाब से माल बेचने का दबाव बनाते हैं। आरोप है कि अगर कोई व्यापारी खलीलाबाद से आने वाले ट्रक को अपनी दुकान पर खाली कराना चाहता है, तो स्थानीय ट्रक मालिक धमकी देकर उस वाहन को वहां से भगा देते हैं। शिकायत पत्र में 15 सितंबर को जेपी ट्रेडिंग कंपनी पचपेडिया, मौर्या बिल्डिंग मैटेरियल और माधुरी बिल्डिंग मैटेरियल पर हुई घटनाओं का जिक्र है। साथ ही, 16 सितंबर को प्रेम बिल्डिंग मैटेरियल, सागर ट्रेडर्स और जीनियस इंटरप्राइजेज पर हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। व्यापारियों ने इन घटनाओं से जुड़े फोटो और वीडियो सबूत होने की बात कही है। एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और व्यापारियों को सुरक्षा देने की मांग की है।