Home Blog Page 20

दिल्ली के 10 बड़े अग्निकांड: झुग्गियों से लेकर अस्पतालों तक, जब-जब आग ने ली सैकड़ों मासूमों की जान

0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समय-समय पर भीषण अग्निकांडों की चपेट में आती रही है। झुग्गी-झोपड़ियों से लेकर होटल, फैक्ट्री, अस्पताल और कमर्शियल बिल्डिंग तक हर जगह आग ने कहर बरपाया है।

शॉर्ट सर्किट, ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट, अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसी वजहें बार-बार दोहराई जाती हैं, लेकिन सबक नहीं सीखा जाता। पिछले कुछ वर्षों में हुई इन प्रमुख आग की घटनाओं ने सैकड़ों परिवारों को हमेशा के लिए तोड़ दिया है।

यहां प्रस्तुत है दिल्ली में हुई कुछ बड़ी और दिल दहला देने वाली अग्निकांड की घटनाओं का लेखा-जोखा:

  • 12 जून 2026 – तुगलकाबाद एक्सटेंशन में भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई थी।
  • 3 जून 2026 – हौजरानी इलाके में स्थित गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से 23 लोगों की मौत हुई थी
  • 15 फरवरी 2024 – अलीपुर स्थित एक पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 11 लोगों की जलकर मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
  • 25 मई 2024 – दिल्ली के विवेक विहार स्थित बेबी केयर न्यू बोर्न अस्पताल में भीषण अग्निकांड में सात नवजात शिशुओं की जान चली गई थी। यह आग कथित तौर पर आक्सीजन सिलिंडर में विस्फोट के कारण फैली थी।
  • 13 मई 2022 – मुंडका में मेट्रो पिलर नंबर 544 के पास एक चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी।
  • 12 फरवरी 2019 – करोल बाग स्थित अर्पित पैलेस होटल में भीषण अग्निकांड में 17 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें एक बच्चा भी शामिल था।
  • 8 दिसंबर 2019 – रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी (फिल्मिस्तान) में चार-पांच मंजिला इमारत में लगी आग में 43 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर श्रमिक थे जो रात में सो रहे थे।
  • 20 जनवरी 2018 – बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में पटाखा व प्लास्टिक यूनिट में लगी आग में 17 लोगों की मौत हुई थी।
  • 13 अप्रैल 2018 – कोहाट एन्क्लेव के रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई थी।
  • 19 नवंबर 2018 – करोल बाग की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हुई थी और एक व्यक्ति घायल हुआ था।
  • 20 नवंबर 2011 – नंद नगरी कम्युनिटी हाल में लगी आग में 14 लोगों की मौत हुई थी और इस हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।

श्रावस्ती डीएम ने खेत में कराई धान की क्रॉप कटिंग:प्रति हेक्टेयर 55 कुंतल उपज का आकलन, बनाए गए 42 क्रय केंद्र

श्रावस्ती में खेतों में धान की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग शुक्रवार शाम चार बजे विकासखंड हरिहरपुर रानी के ग्राम राजापुररानी पहुंचीं। यहां उन्होंने किसान हरिभजन के खेत में अपने सामने धान की क्रॉप कटिंग कराई। इसके बाद फसल की मड़ाई करवाकर उपज का वजन कराया और उत्पादकता का जायजा लिया। गाटा संख्या 1373 के 43.3 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कराई गई क्रॉप कटिंग में 23.85 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 55 कुंतल उत्पादन का आकलन किया गया। डीएम ने बताया कि शासन के निर्देश पर हर साल क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है। इससे कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है। जिले में धान खरीद के लिए 42 केंद्र जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों के बजाय सरकारी धान क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचें, ताकि उन्हें फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में धान खरीद के लिए 42 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर पंजीकरण या नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। किसान स्वयं, जनसेवा केंद्रों या किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।

चक्रवाती तूफान के कारण कई राज्यों में बदला मौसम, दिल्ली में रहा अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन

0

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई राज्यों का मौसम बदल गया है। कहीं भारी तो कहीं हल्की वर्षा से तापमान गिर गया है।

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार अक्टूबर माह का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो 1951 के बाद अक्टूबर माह में सबसे कम अधिकतम तापमान है। यह सामान्य से 10.3 डिग्री कम दर्ज किया गया।

दिल्ली में चार साल में अक्टूबर माह में एक दिन में सबसे अधिक 61.4 मिमी मिमी वर्षा भी दर्ज की गई। इससे पहले नौ अक्टूबर, 2022 को 74 मिमी वर्षा हुई थी। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मौसम का असर अधिक रहा।

प्रदेश में औसतन 7.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार में पटना सहित कई जिलों में पूरे दिन रुक-रुक कर वर्षा होती रही।

खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। कृषि कार्य भी बाधित हुआ है। किसानों ने धनकटनी रोक दी है। आलू की रोपाई स्थगित कर दी है। अर्णब के प्रभाव से पूरे मध्य प्रदेश में दिन का तापमान औसत पांच से छह डिग्री गिरा। भोपाल में 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।

खजुराहो, राजगढ़ और सीधी में सर्वाधिक तीन-तीन मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। इसका तापमान पर भी पड़ा।

शनिवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बर्फबारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

सिसवा में छठ महापर्व पर घाटों की तैयारियां हुई तेज:सुविधाओं को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दिए निर्देश

लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर सिसवा नगरपालिका में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर के पोखरा टोला स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गिरजेश जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए कहा। उन्होंने विशेष रूप से घाट परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने पर जोर दिया, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर गिरजेश जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा तथा उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है। नगर पालिका की ओर से घाटों पर स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु श्रद्धा और उल्लास के साथ महापर्व मना सकें।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने की अपेक्षा जताई। नगरपालिका की इस पहल से छठ महापर्व पर घाटों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में तैयारियों को गति मिली है।

बस्ती में किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का प्रसारण:बनासकांठा से हुए कार्यक्रम में 155 किसान शामिल, प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के हस्तांतरण का सजीव प्रसारण 30 अक्टूबर 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में हुआ। कार्यक्रम गुजरात के बनासकांठा से लाइव दिखाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के बस्ती जिलाध्यक्ष वरुण पाण्डेय मौजूद रहे। कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती के प्रभारी अधिकारी और वैज्ञानिकों के साथ संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन राम और उप कृषि निदेशक अशोक कुमार भी शामिल हुए। कृषि और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे। जनपद के करीब 155 किसान और महिला किसान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्हें किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद और योजना के महत्व की जानकारी दी गई। प्रगतिशील किसान अवनींद्र कुमार दुबे, राजेंद्र सिंह और महिला किसान संजू व रेनू सिंह को सम्मानित किया गया। खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ना और कृषि व ग्रामीण विकास के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी. के. मिश्रा, हरिओम मिश्रा, आर. वी. सिंह, विनोद बहादुर सिंह और डॉ. अंजलि वर्मा सहित केंद्र के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

मौजूदा रफ्तार जारी रही तो एक ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य कर हासिल कर लेगा भारत, आर्थिक मोर्चे पर बड़ी कामयाबी

0

पीटीआई, नई दिल्ली। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा कि अगर मौजूदा रफ्तार बनी रहती है, तो भारत इस साल एक ट्रिलियन डॉलर का निर्यात लक्ष्य हासिल कर लेगा। चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में निर्यात का आंकड़ा लगभग 480 अरब डॉलर रहा है।

यहां एक कार्यक्रम को संबाधित करते हुए सीईए ने इस बात पर भी जोर दिया कि निर्यात लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत को अपनी घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को मजबूत करना होगा और वैश्विक स्तर पर आपूर्ति में आ रही बाधाओं के बीच अपने उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बेहतर बनाना होगा।उन्होंने सरकारी मदद को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने की उद्योगों की क्षमता से जोड़ने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि इस समय यह और भी जरूरी है, क्योंकि वैश्विक आपूर्ति में बाधाओं के कारण जरूरी संसाधनों तक पहुंच अनिश्चित होती जा रही है। नागेश्वरन ने कहा कि भारत अब आवश्यक वस्तुओं के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर उस तरह से निर्भर नहीं रह सकता, जैसे महामारी से पहले था।

उन्होंने तर्क दिया कि जिन उद्योगों को सरकारी मदद मिलती है, उन्हें बेहतर निर्यात प्रदर्शन दिखाना चाहिए या आयात कीमतों के साथ प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता साबित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्पादकता बढ़ाने में निवेश किए बिना केवल संरक्षण देने से उद्योगों की मजबूती प्रभावित होगी।

जमुनहा में बारिश से फसलें भीगीं, बाजार में ग्राहक घटे:शुक्रवार दोपहर से हो रही बारिश के बीच किसान उपज बचाने में जुटे, दुकानदारों का कारोबार कम हुआ

जमुनहा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर से हो रही मूसलाधार बारिश से खेतों में कटी फसल और खुले में रखी उपज भीगने का खतरा है। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम होने से दुकानदारों का कारोबार भी घटा। मल्हीपुर, बीरगंज बाजार, जमुनहा बाजार, बदला चौराहा, कानीबोझी, साईगांव चौराहा और मल्ही चौराहा समेत आसपास के इलाकों में बारिश का असर दिखा। किसान अपनी फसल और उपज को सुरक्षित जगह पहुंचाने में जुटे रहे। फसल भीगने और नुकसान की आशंका से किसान चिंतित हैं। बारिश के कारण इन बाजारों में आम दिनों के मुकाबले ग्राहक कम पहुंचे। दोपहर से लगातार बारिश होने के चलते दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते रहे। बिक्री कम होने से उन्हें नुकसान की चिंता है। किसान फसल बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दुकानदार मौसम साफ होने और ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश में कन्यादान योजना में घोटाला, 5923 फर्जी विवाह दिखाकर हड़प लिए 30.18 करोड़

0

जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश में गरीब और निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए चलाई गई मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में विदिशा जिले में 30.18 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है।

ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) शोभित त्रिपाठी और उनके सहयोगी हेमंत साहू की 5.37 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में फर्जीवाड़ा कर त्रिपाठी ने 5923 फर्जी विवाह दिखाकर 30.18 करोड़ का घोटाला किया था। इस मामले में ईडी ने करीब दो माह पहले त्रिपाठी को गिरफ्तार किया था।

ईडी के अनुसार, प्रदेश सरकार की योजना के तहत पंजीकृत गरीब निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। शोभित त्रिपाठी ने वर्ष 2019 से नवंबर 2021 के बीच सिरोंज जनपद पंचायत के सीईओ रहते हुए अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर 5923 संदिग्ध विवाह सहायता प्रकरणों में करीब 30.18 करोड़ रुपये स्वीकृत कर वितरित किए।

जांच में सामने आया कि अपात्र हितग्राहियों के नाम पर फर्जी आवेदन और दस्तावेज तैयार किए गए। उनके दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक खाते खोले गए और योजना की राशि इन खातों में जमा कराकर अलग-अलग किस्तों में नकद निकाल ली गई। कोरोना लाकडाउन के दौरान भी ऐसे लोगों को लाभ दिया गया, जबकि सार्वजनिक विवाह प्रतिबंधित थे।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू), भोपाल में इस मामले में एफआइआर दर्ज है। ईडी ने इसी आधार पर मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की थी। शोभित त्रिपाठी को दो सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। वह न्यायिक हिरासत में है। मामले में आगे की जांच जारी है।

बारिश में यातायात पुलिस ने पीईटी अभ्यर्थियों की मदद:महराजगंज में प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने संभाली व्यवस्था, वाहनों को तय जगहों पर खड़ा करने के निर्देश

महराजगंज में शुक्रवार को पीईटी देने पहुंचे अभ्यर्थियों की मदद के लिए यातायात पुलिस ने बारिश के बीच व्यवस्था संभाली। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने सड़क पर ड्यूटी की। परीक्षा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों की आवाजाही और वाहनों की संख्या बढ़ने पर पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को तय जगहों पर खड़ा कराया। इससे सड़कों पर जाम रोकने और अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने में मदद मिली। अरुणेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ सड़क पर मौजूद रहे और व्यवस्था पर नजर रखी। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित कराया और लोगों को दिशा-निर्देश दिए। अभ्यर्थियों और उनके साथ आए परिजनों को यातायात पुलिस की व्यवस्था से सहूलियत मिली। लोगों ने बारिश के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना की।

हत्या के मामले में गोपी शर्मा को उम्रकैद:बस्ती जिला एवं सत्र न्यायालय ने 18 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया

बस्ती। हत्या के मामले में प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने आरोपी गोपी शर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश बस्ती ने 30 अक्टूबर को अभियुक्त को दोषी करार देते हुए यह फैसला सुनाया। न्यायालय ने उस पर 18 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की पैरवी से हत्या के मामले में दोषी को सजा दिलाने में सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2025 को वादी की तहरीर पर थाना परसरामपुर में गोपी शर्मा पुत्र पित्तरदीन निवासी निपनिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में अभियुक्त के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद विवेचक ने मामले की जांच पूरी कर साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में पैरवी सेल बस्ती और थाना परसरामपुर पुलिस ने प्रभावी पैरवी की। पुलिस की ओर से न्यायालय में मामले की पैरवी की गई। इसके फलस्वरूप 30 अक्टूबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अभियुक्त गोपी शर्मा को हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 18 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की ओर से बताया गया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर अपराधों में दर्ज मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को सजा दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पैरवी सेल और संबंधित थानों की पुलिस न्यायालय में मामलों की नियमित पैरवी कर रही है।