बस्ती के चौकड़ी टोल प्लाजा से पहले वाहन चालकों को सतर्क करने वाले चेतावनी और दिशा बताने वाले बोर्ड कई महीनों से गायब हैं। नियम के मुताबिक, टोल से 500 मीटर से 1 किमी पहले गति सीमा और लेन के संकेतक बोर्ड लगने जरूरी हैं।
इन बोर्डों से तेज रफ्तार वाहन चालक समय रहते गति कम कर सकते हैं और सही लेन में जा सकते हैं। चौकड़ी टोल के पास ये बोर्ड नहीं हैं।
तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक, बस और कार चालकों को टोल का पता नहीं चल पाता। इससे हादसे का खतरा रहता है।
यात्रियों का कहना है कि टोल वसूली में कोई कमी नहीं है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं।
उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने, चौकड़ी टोल का मौके पर निरीक्षण कराने, तय जगहों पर नए संकेतक बोर्ड लगवाने और प्रबंधन पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बस्ती के चौकड़ी टोल से पहले संकेतक बोर्ड गायब:नियम के मुताबिक 500 मीटर से 1 किमी पहले गति सीमा और लेन के बोर्ड लगने जरूरी
UPSRLM Meeting in Fatehpur Bangai
फतेहपुर बंगई में स्वयं सहायता समूहों की बैठक हुई।
ग्राम पंचायत फतेहपुर बंगई के बांसगढ़ी में 1 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत स्वयं सहायता समूहों की बैठक हुई। बैठक मीरा दीदी के दरवाजे पर रखी गई।
.
बैठक की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना और परिचय सत्र से हुई। इसके बाद महिलाओं को बचत के फायदे, समूह की नियमित बैठक, आंतरिक ऋण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि समूह के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
बैठक में जय हनुमान स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष मीना, सचिव लक्ष्मी देवी और कोषाध्यक्ष मंजू देवी शामिल हुईं। जानवी आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष शांति देवी, सचिव आराधना गुप्ता और कोषाध्यक्ष सुनीता देवी भी मौजूद रहीं।
प्रज्ञा स्वयं सहायता समूह से अध्यक्ष रामपति, सचिव रामप्यारी और कोषाध्यक्ष जानकी शामिल हुईं। सीता महिला स्वयं सहायता समूह से अध्यक्ष तारावती, सचिव रेनू देवी मौर्या और कोषाध्यक्ष प्रियंका ने बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में महिलाओं ने हर हफ्ते नियमित बचत करने और समूह को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। खबर की रिपोर्टर मीना यादव हैं।
बटौरा-जनकपुर की करीब एक किमी सड़क अब तक कच्ची:बागापार के ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग उठाई; जिलाधिकारी ने विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए
सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बागापार में बटौरा टोला से जनकपुर तक जाने वाली करीब एक किलोमीटर सड़क अब तक कच्ची है। ग्रामीणों ने पक्की सड़क बनाने की मांग जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के सामने रखी।
बरसात में रास्ते पर कीचड़ और पानी भर जाता है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम से घर से निकलने में परेशानी होती है। स्कूली बच्चों को कीचड़ और फिसलन के बीच स्कूल जाना पड़ता है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती है।
दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा रहता है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी इस रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है। कई बार ग्रामीणों को लंबा रास्ता लेकर जाना पड़ता है।
यह सड़क बटौरा, किशोरपुर, करनहिया, शिवपुर, कटहरा और बैजनाथपुर समेत आसपास के गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क वर्षों से कच्ची है और वे इसी रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन के नेतृत्व में दीपक जायसवाल, कमलेश शर्मा, विद्यासागर यादव, संतोष यादव, राकेश चौहान और अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारी से बात कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
Basti PET Exam 2026 | 10004 Students Appeared, Maths Questions Tough
बस्ती में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की पहली पाली रविवार को जिले के 34 केंद्रों पर हुई। पंजीकृत 13,008 अभ्यर्थियों में से 10,004 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,004 ने परीक्षा छोड़ दी। गणित के सवालों में कई अभ्यर्थियों को समय लगा।
.
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक हुई। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले उनकी जांच की गई। तय समय के बाद केंद्रों में प्रवेश बंद कर दिया गया।

जिले के 34 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, एपीएन डिग्री कॉलेज, शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज, महिला महाविद्यालय, बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, सक्सेरिया इंटर कॉलेज और श्रीकृष्णा पांडेय इंटर कॉलेज शामिल हैं।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के सवाल हल करने में अपेक्षाकृत ज्यादा समय लगा। इससे समय का सही इस्तेमाल करना चुनौती बना। अन्य विषयों के सवालों को लेकर अभ्यर्थियों की अलग-अलग राय रही।

दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:05 बजे तक होगी। इसके लिए भी केंद्रों पर प्रवेश और जांच की व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया बनवाने की मांग की:श्रावस्ती के खाले कठौतिया गांव में मुख्य मार्ग के डिप की मरम्मत और तालाब किनारे पुलिया निर्माण के लिए प्रदर्शन
श्रावस्ती के गिलौला ब्लॉक की ग्राम पंचायत कन्लायनपुर के मजरा खाले कठौतिया गांव के पास ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और पुलिया बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य मार्ग पर बने डिप की मरम्मत और गांव के पूरब जाने वाले रास्ते पर पोखरा तालाब के किनारे पुलिया बनाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते पर आने-जाने में वाहनों को परेशानी होती है। गांव के ज्यादातर लोगों के खेत पूरब दिशा में हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली से फसल लाने के लिए उन्हें दूर से घूमकर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, फसल की कटाई और बोआई के समय भी दिक्कत होती है। रास्ते पर लगे खड़ंजे कई जगह धंस गए हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं हुई। बरसात में रास्ते पर पानी भरने से निकलना मुश्किल हो जाता है।
प्रदर्शन के दौरान सालिक राम, नियामत, शंभू समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
परतावल में सड़क किनारे महिला ने बच्चे को जन्म दिया:नवजात की मौत; डॉक्टरों के मुताबिक बच्चा करीब सात माह का था
परतावल के महदेवा चौराहे पर रविवार को लोगों की भीड़ जुट गई। जिद्दूपिपरा मार्ग पर बैठी मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टरों के मुताबिक नवजात करीब सात माह का था और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आशा कार्यकर्ता की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत ठीक है।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला पिछले करीब एक साल से परतावल से महदेवा और हरपुर के बीच घूमती रहती थी।
थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि नवजात का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला:बस्ती में पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है
बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बडेरिया बुजुर्ग गांव में रविवार सुबह करीब 8 बजे घर के अंदर 32 वर्षीय आशीष का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने शव देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव निवासी आशीष (32) पुत्र रंजीत के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सहियापुर के खेतों में पानी भरा, धान की फसल डूबी:लगातार बारिश से कटाई-मड़ाई मुश्किल; किसानों ने सर्वे और मुआवजे की मांग की
श्रावस्ती के सिरसिया विकासखंड की ग्राम सभा सहियापुर में लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है। इससे धान की खड़ी फसल पर असर पड़ा है। कई खेतों में फसल पानी में डूबी है, जबकि कुछ जगहों पर जमीन पर गिर गई है।
किसान शोभाराम मिश्रा के करीब 7 बीघा, अच्युता नन्द मिश्रा के 5 बीघा और उदयराज के 5 बीघा खेतों में धान की फसल तैयार खड़ी है। किसानों का कहना है कि खेतों में पानी जमा होने से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
जलभराव के कारण धान की कटाई और मड़ाई करना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों के मुताबिक, खेतों से जल्द पानी नहीं निकला तो धान की गुणवत्ता और पैदावार पर असर पड़ सकता है।
किसानों ने बताया कि पूरे साल मेहनत और लागत लगाने के बाद फसल तैयार होने के समय उन्हें बारिश और तेज हवा का सामना करना पड़ा। अब खेतों में पानी भरने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
किसानों ने संबंधित अधिकारियों से प्रभावित खेतों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने और पात्र किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।
हैदराबाद: पंचर की दुकान से लिए औजार, फिर MBA स्टूडेंट ने चुरा लिए थार गाड़ी के टायर
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी और रिम चुराने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय एक एमबीए छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोबन अली खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से 15 पहिए बरामद किए हैं, जिनमें से 12 पहिए अकेले महिंद्रा थार गाड़ियों के हैं। इसके अलावा दो फोर्ड एंडेवर और एक फोर्ड इकोस्पोर्ट का पहिया भी जब्त किया गया है।
इस मामले की जांच 20 अक्टूबर को रेतीबाउली स्थित गैलेक्सी एन्क्लेव अपार्टमेंट के बाहर खड़ी महिंद्रा थार से स्टेपनी चोरी होने की शिकायत के बाद शुरू हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दिखा कि आरोपी अपने स्कूटर पर बैठकर मोबाइल चला रहा था।
मौका पाकर वह थार के पीछे बंधी स्टेपनी खोलने की कोशिश करता है, लेकिन किसी के आने पर वापस स्कूटर पर आ जाता है। कुछ देर तक गली पर नजर रखने के बाद, उसने कुछ ही सेकंडों में टायर खोला और स्कूटर पर रखकर फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे शनिवार को धर दबोचा।
पंचर की दुकान से किराए पर लेता था औजार
जांच में सामने आया कि आरोपी टायर खोलने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। वह पंचर बनाने वाली दुकानों पर जाता और अपनी गाड़ी पंचर होने का बहाना बनाकर 200 से 300 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट देकर पाना किराए पर ले लेता था।
इसके बाद वह खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी खोलता और औजार वापस लौटाकर अपने पैसे वापस ले लेता था। आरोपी के पिता व्हील-अलाइनमेंट की दुकान पर काम करते हैं, जिसकी वजह से उसे गाड़ियों के पहिए खोलने की अच्छी जानकारी थी।
10 थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं 11 मामले
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह 10 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की 11 वारदातों में शामिल रहा है। इनमें अट्टापुर के दो मामलों के अलावा फिल्म नगर, लंगर हाउस, गुडीमलकापुर, सैफाबाद, चंद्रायनगुट्टा, चादरघाट, छत्रीनाका, मीरपेट और नारायणगुड़ा शामिल हैं।













