महराजगंज – चौक थाना क्षेत्र के बेलभरिया गांव के टोला विजय नगर में खेत की तरफ गिट्टी फेंकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद चार लोग एक परिवार के घर में घुस गए और महिलाओं-बच्चियों से मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंचे पति और बेटे को भी रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इस मारपीट में परिवार के पांच लोग घायल हुए।

क्या है पूरा मामला
सरोज देवी पत्नी रामपत की तहरीर के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम करीब सात बजे गांव के रामबेलास, बालकिशुन, विवेक उर्फ गोलू और विपिन उनके खेत की तरफ गिट्टी फेंक रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सरोज देवी की बेटियों को खींचकर गिट्टी से भरे गमछे से पीटा।
सूचना मिलने पर पति रामपत और बेटा विवेक चौहान मौके पर जा रहे थे। आरोप है कि घर के पास पुल पर चारों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से हमला किया। विवेक चौहान की आंख के ऊपर गंभीर चोट आई, जबकि रामपत के चेहरे पर चोट लगी। सरोज देवी ने बताया कि उनकी बेटियों पूर्णिमा, स्नेहता, आराधना और कृष्टि को भी चोट लगी है।
थानाध्यक्ष चौक मनीष पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रामबेलास, बालकिशुन, विवेक उर्फ गोलू और विपिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
















