घाट पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने दुर्गा पूजा के दृष्टिगत विकास खण्ड जमुनहा के अन्तर्गत भेलागांव स्थित बरोह पुल विसर्जन स्थल का जायजा लिया तथा मूर्ति स्थल से लेकर विसर्जन मार्गो एवं विसर्जन स्थलों पर सभी तैयारियां पहले से ही दुरूस्त करने के निर्देश दिए, ताकि शान्तिपूर्ण एवं व्यवस्थापूर्ण ढंग से मूर्ति विसर्जन सम्पन्न कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों से मिलकर जानकारी ली तथा विसर्जन के दिन शान्ति एवं सदभावपूर्ण ढंग से मूर्ति विसर्जन हेतु अपील भी की। जिलाधिकारी ने कहा कि मूर्ति विसर्जन शान्ति एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न किया जा सके, इसके लिए मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के मद्देनजर सभी तैयारियों को निर्धारित समय के अन्दर मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था का उचित प्रबन्ध किया जाए।जायजा लेने के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये है। उन्होने समस्त थानाध्यक्षगणों को निर्देश दिया है कि विसर्जन स्थलों पर उचित पुलिस बल की तैनाती की जाए, और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। पुरूष एवं महिला खुफिया पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, जो सम्भावित अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखेंगे। विसर्जन के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति अमन-चैन में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो, उन्हें तत्काल जेल भेजा जायेगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी जमुनहा रवि प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी गण उपस्थित रहे।





















