बुधवार को छावनी क्षेत्र में लेफ्टिनेंट शिवमेंद्र सिंह का घर लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। छावनी तिराहे पर पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह और पचवस के प्रधान शैलेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। राम जानकी मार्ग से चंदहा जाते समय उन्होंने अमोढ़ा कुल देवी मां कोटही के दर्शन और पूजन भी किए। बता दें कि छावनी क्षेत्र के चंदहा गांव (पोस्ट जैतापुर) के रहने वाले शिवमेंद्र सिंह रिटायर्ड सूबेदार मेजर सूर्य प्रताप सिंह के बेटे हैं। उन्होंने हाल ही में चेन्नई की ऑफिसर्स प्रशिक्षण एकेडमी (ओटीए) में अपनी पासिंग आउट परेड पूरी कर लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है। शिवमेंद्र ने चेन्नई स्थित ओटीए में कठिन ट्रेनिंग ली। पासिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट बनने के बाद उन्होंने देश सेवा करने का संकल्प लिया है। लेफ्टिनेंट शिवमेंद्र सिंह को 16 गढ़वाल राइफल्स बटालियन मिली है। वह अपने परिवार की दूसरी पीढ़ी हैं जो सेना में शामिल हुए हैं। शिवमेंद्र की मां शकुंतला देवी ने इसे अनुशासित परिवार के लिए गर्व की बात बताई। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनके बेटे ने पिता की तरह देश की सेवा करने का रास्ता चुना है। शिवमेंद्र के लेफ्टिनेंट बनने पर विजय प्रताप सिंह, रोहन सिंह, अजय कुमार सिंह, तेज प्रताप सिंह और भानु प्रताप सिंह समेत अन्य परिजनों ने भी खुशी जताई।






































