बस्ती जिले के दुबौलिया विकासखंड क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब आधे दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदी और तटबंध के बीच बसे इन गांवों में लगातार पानी फैल रहा है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई जगहों पर संपर्क मार्गों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। इससे दैनिक जीवन पर भी असर पड़ रहा है। बाढ़ के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से धान और परवल सहित कई अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। तैयार फसलें खराब होने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तरफ से राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों की टीम ग्रामीणों की स्थिति पर नजर रख रही है और जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज किए जाएं। साथ ही, आवागमन की व्यवस्था ठीक की जाए और फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए।






































