
बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और रुपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम को सफलता मिली। टीम ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे सीमा मार्ग पर एक ट्रैवलर वाहन की तलाशी के दौरान 4.917 किलो अवैध अफीम बरामद की। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक महिला समेत चार अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा और एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट शशि भूषण के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सीमा मार्ग पर जैतापुर मोड़ के पास पुराने बस स्टॉप के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान हिमाचल प्रदेश नंबर की ट्रैवलर गाड़ी (HP01A8898) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में रखे एक काले रंग के बैग से 4.917 किलो अफीम मिली। पुलिस ने मौके से चट्टान बसनेर, उसकी पत्नी गीता खत्री (निवासी जाजरकोट, नेपाल), देवेंद्र बुढ़ा (निवासी बागमती प्रदेश, नेपाल) और राजकुमार (निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन, 4,310 नेपाली रुपये और 6,510 भारतीय रुपये भी बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रुपईडीहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चला रही है।
Home उत्तर प्रदेश भारत-नेपाल सीमा पर ट्रैवलर से 4.917 किलो अफीम बरामद:महिला समेत चार अंतरराष्ट्रीय...





































