महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर अब साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। यहां एक दर्जन से ज्यादा डॉक्टरों के मोबाइल पर संदिग्ध लिंक भेजे जा रहे हैं। इनमें डॉ. कमलेश कुमार के बैंक खाते से 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं, डॉ. रिचा सचान का व्हाट्सऐप हैक कर उनके परिचितों से पैसे मांगे गए। डॉ. रिचा की बहन अर्चना ने ठगों के बताए नंबर पर 57 हजार रुपये भेज भी दिए। इन लगातार हो रही घटनाओं से मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और स्टाफ में डर का माहौल है। मामले की जानकारी साइबर सेल को दी गई है। साइबर ठग डॉक्टरों को खास तरीके से परेशान कर रहे हैं। वे उनके मोबाइल पर अलग-अलग वेबसाइटों के लिंक भेज रहे हैं। इनमें डिलीवरी कंपनी ब्लू डार्ट के नाम से भेजे गए लिंक भी शामिल हैं। ये संदेश इस तरह से भेजे जा रहे हैं, जिससे लगता है कि ये किसी जरूरी डिलीवरी या ऑनलाइन काम से जुड़े हैं। डॉक्टरों को अब किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से डर लगने लगा है। सबसे पहले डॉ. कमलेश कुमार साइबर ठगी का शिकार हुए। उनके बैंक खाते से 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के दूसरे डॉक्टर भी सतर्क हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई। साइबर ठगों ने ठगी का दूसरा तरीका भी अपनाया। उन्होंने डॉ. रिचा सचान का व्हाट्सऐप हैक कर लिया। इसके बाद उनके जान-पहचान वाले लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांगे जाने लगे। परिचितों को लगा कि यह मैसेज डॉ. रिचा ने ही भेजा है।






































