बस्ती में स्वाइन फ्लू का छठा मामला सामने आया है। सांऊघाट क्षेत्र के परसालाल शाही गांव निवासी 87 वर्षीय बुजुर्ग में इन्फ्लुएंजा-ए H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल के ICU में चल रहा है। ऑपरेशन के बाद सांस लेने में हुई दिक्कत जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग का 7 सितंबर को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में कूल्हे का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद 8 सितंबर को उनका सैंपल लेकर स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई। 9 सितंबर को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम बुजुर्ग के संक्रमित होने की जानकारी सीएमओ कार्यालय से सीएचसी सांऊघाट को दी गई। इसके बाद सीएचसी की एआरटी टीम परसालाल शाही गांव पहुंची। टीम ने मरीज के आसपास रहने वाले लोगों की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज का परिवार अभी लखनऊ में है। परिवार के किसी सदस्य में इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (ILI) या सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन (SARI) के लक्षण नहीं मिले हैं। पहले के 5 मरीज हो चुके हैं ठीक जिले में इससे पहले स्वाइन फ्लू के पांच मामले सामने आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन मामलों में भी लखनऊ में इलाज के दौरान जांच कराए जाने पर H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सीएमओ बोले- अलर्ट जारी, जरूरी कदम उठाए जा रहे सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच कराई गई है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।



























