BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश भिनगा मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क जर्जर:राप्ती बैराज मार्ग पर जलभराव और...

भिनगा मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क जर्जर:राप्ती बैराज मार्ग पर जलभराव और गड्ढों से आवागमन ठप, ककरदरी गांव बेहाल

0
0

श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र में हजारों लोग लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही और प्रशासनिक अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे हैं। भिनगा जिला मुख्यालय को राप्ती बैराज से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और इसमें गहरे गड्ढे बन गए हैं। राप्ती बैराज से ककरदरी गांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब 500 मीटर के दायरे में पानी भरा हुआ है। सड़क और तालाब के बीच का अंतर खत्म हो गया है, जिससे राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। सड़क पर बने कई फीट गहरे गड्ढों में पानी भरा होने के कारण रोजाना दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और पैदल यात्री गिरकर घायल हो रहे हैं। यह जिला मुख्यालय तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है, जिससे हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं। ककरदरी गांव के लिए यह एकमात्र संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब हालत के कारण गांव का संपर्क एक तरह से कट गया है। स्कूली बच्चे, मजदूर और मरीज हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर इस कीचड़ और पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्थिति और गंभीर है। सड़क खराब होने से आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना बहुत मुश्किल हो गया है। लक्षमनपुर कोठी निवासी संजू कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि इस रास्ते पर हर समय गंभीर दुर्घटना का डर बना रहता है। उन्होंने श्रावस्ती के जिलाधिकारी से इस सड़क का तुरंत निर्माण कराने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।