
पुरानी बाजार, नानपारा में 8 सितंबर 2026, मंगलवार को 18वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। ‘लड्डू गोपाल समिति नानपारा की राधा रानी’ ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया। बीती रात सांस्कृतिक और भक्तिमय झांकी कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। बरेली से आए ‘मास्टर शिवम राज इंटरनेशनल झांकी ग्रुप’ के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से वहां मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश जी की वंदना और उनके रूप में किए गए नृत्य से हुई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। झांकी के दौरान कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण और श्री राधा रानी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को दिखाया। उन्होंने फूलों और गुलाल की होली की सुंदर झांकी भी प्रस्तुत की। इसके बाद हनुमान जी और भालू (जामवंत जी) बने कलाकारों ने भक्ति भजनों पर ऐसा भावपूर्ण नृत्य किया कि श्रद्धालु झूम उठे। पुरानी बाजार का पूरा इलाका ‘जय श्री राम’, ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा। महोत्सव के तहत 9 सितंबर को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद 10 सितंबर को शाम 4 बजे इमामगंज चौराहे पर प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में केशव मित्तल, राज सोनी, मुकेश सोनी, एकांत रानौर, कृष्णा आर्या, शिवानी सोनी, रिषि सोनी, विपिन जायसवाल, आर्यन सहयोगी, रिंकू आर्या सहित सभी मोहल्लावासियों का योगदान रहा।



























