
बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र के बड़खड़िया गांव के आनंदनगर में सोमवार देर रात तेंदुए के हमले में नौ साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल पर पिंजरा लगाने और आसपास रोशनी का इंतजाम करने की मांग की थी। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए वन विभाग ने मंगलवार देर रात घटनास्थल के आसपास रोशनी का इंतजाम कर दिया। अंधेरा होने पर वन्यजीवों की हरकतों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लाइटें लगाई गई हैं। इसके साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल के पास एक पिंजरा भी लगाया गया है। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी है। टीम तेंदुए की हरकतों पर नजर रख रही है। घटना के बाद से ग्रामीणों में डर बना हुआ है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों या सुनसान जगहों पर न जाने की सलाह दी है। मंगलवार देर रात तक मौके पर रेंजर आशीष गौड़, डिप्टी रेंजर मयंक पांडे समेत वन विभाग की टीम मौजूद रही। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। पिंजरा लगाए जाने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही तेंदुआ पकड़ में आ जाएगा और क्षेत्र में बना डर कम होगा।




































