महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 7 साल की बच्ची संदिग्ध हालत में अचेत मिली। उसे गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को बच्ची एक कार्यक्रम में खाना खाने जा रही थी, तभी वह अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लक्ष्मीपुर ले गए। बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर के प्रभारी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:52 बजे बच्ची को अचेत अवस्था में लाया गया था। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीप शिखा वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है। पुरंदरपुर थाना प्रभारी अजय कुमार यादव ने जानकारी दी कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


























