कोठीभार थाना क्षेत्र के खेसरारी मुसहरी टोला में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस की तरफ से कार्रवाई न होने पर पीड़िता को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद बुधवार को कोठीभार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोर्ट में दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसे शादी का झांसा दिया। युवक लंबे समय तक उसका शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने साफ मना कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने तुरंत कोठीभार थाने में शिकायत दी और न्याय मांगा। लेकिन, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक महाराजगंज को भी आवेदन भेजा और कार्रवाई की मांग की, फिर भी मामला आगे नहीं बढ़ा। आखिर में मजबूर होकर पीड़िता ने कोर्ट में वाद संख्या 1308/2026 दाखिल किया। कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए कोठीभार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 0276/2026 दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना), 115(2) (मारपीट), 352 (गाली-गलौज) और 351(3) (जान से मारने की धमकी) के तहत केस दर्ज किया है। कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक (SI) संदीप कुमार वर्मा को सौंपी गई है। सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती के जमुनहा-सिरसिया में जन्माष्टमी की भव्य शोभायात्राएं निकलीं:डीजे और झांकियों...
श्रावस्ती के जमुनहा और सिरसिया इलाकों में गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी का समापन भव्य शोभायात्राओं के साथ हुआ। शाम 6:00 बजे से डीजे और...






































