UP: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के बीच चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में देवीपाटन मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी का असर अभियान की प्रगति में दिखाई दे रहा है। मंडल में अब तक करीब 80 प्रतिशत पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इसके साथ ही प्रदेश की रैंकिंग में देवीपाटन मंडल 15वें स्थान से आगे बढ़कर छठे पायदान पर पहुंच गया है।
चारों जिलों में तेजी से आगे बढ़ रहा अभियान
राज्य सरकार के निर्देश पर गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में 17 सितंबर तक एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 14 वर्षीय पात्र बालिकाओं को निशुल्क वैक्सीन दी जा रही है। 8 सितंबर तक गोण्डा में 74 प्रतिशत, बलरामपुर में 78 प्रतिशत, जबकि बहराइच और श्रावस्ती में 84-84 प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण पूरा हो चुका था।
17 सितंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य
मंडल प्रशासन ने अभियान के तहत सभी पात्र बालिकाओं को वैक्सीन की खुराक दिलाने के लिए 17 सितंबर तक 100 प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य तय किया है। इसे पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें, आशा कार्यकत्रियां और मोबिलाइजर लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। टीमें घर-घर जाकर पात्र बालिकाओं की जानकारी जुटाने के साथ उनके अभिभावकों से संपर्क कर रही हैं और उन्हें टीकाकरण के फायदे समझा रही हैं।
भ्रांतियां दूर कर अभिभावकों को किया जा रहा जागरूक
अभियान के दौरान एचपीवी वैक्सीन को लेकर लोगों के बीच मौजूद भ्रम और गलत धारणाओं को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मी अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दे रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं टीकाकरण का लाभ उठा सकें।
Also Read: सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल ने दी सामाजिक सहयोग की अपील
स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त मिल रही वैक्सीन
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय पात्र बेटियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से छूटने न पाए और अभियान की नियमित निगरानी की जाए। एचपीवी वैक्सीन जिला स्तरीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ कैंपों में निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य समय रहते सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण पूरा कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में सुरक्षित भविष्य देना है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)







































