BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग बहराइच में लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक...

बहराइच में लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

0
0

बहराइच: खैरीघाट थाना क्षेत्र के लौकीहा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक जिया लाल पुत्र मांझा दरिया बुर्द का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि करीब नौ बजे वह बाइक से इमामगंज से बेहड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान लौकीहा मोड़ के पास सामने से लकड़ी लादकर आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।

Also Read: अयोध्या: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बोले- राम मंदिर प्रबंधन कर्मचारियों को सौंपा जाए, आरएसएस की भूमिका पर उठाए सवाल

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली की रोशनी कम होने के कारण बाइक सवार को सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का ठीक से अंदाजा नहीं हो सका। देखते ही देखते बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जिया लाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

Also Read: UP: सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण: जिला जज की अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी, स्टे पर फैसला सुरक्षित; इस तारीख को अगली सुनवाई

इलाज के लिए ले गए, रास्ते में मौत

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल जिया लाल को तत्काल सीएचसी शिवपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था न होने से सड़क हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)