
बहराइच के नवाबगंज में गुरुवार शाम करीब 4 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर शोभायात्रा निकाली और पूजन सामग्री का विसर्जन किया। विसर्जन शोभायात्रा नवाबगंज थाना क्षेत्र के नौ स्थानों से निकाली गई। इनमें तेजा फांटा, गुलहरिया, राम बट्टी, किशुन गांव, सनमन गांव, खटिकन गांव, निम्निहारा और लोकई गांव शामिल थे। यह यात्रा नवाबगंज नानपारा मार्ग, नवाबगंज सनमन गांव मार्ग और बाबागंज मल्हीपुर मार्ग से गुजरती हुई विसर्जन स्थल पर पहुंची। यात्रा में कान्हा जी की मनमोहक झांकियों ने सबका मन मोह लिया। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा पर फूल बरसाकर कन्हैया का स्वागत किया। डीजे और ढोल की थाप पर युवाओं व महिलाओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए भक्ति गीतों पर जमकर डांस किया। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के रूप में सज-धज कर आकर्षण का केंद्र रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना नवाबगंज की पुलिस टीम शोभायात्रा के दौरान पूरी तरह तैनात रही। यात्रा के आखिर में विशाल आरती की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। पूजन सामग्री का विसर्जन भखला नाला और सरयू नहर पर किया गया। इस दौरान अनूप मिश्रा, पतिराम चौधरी और अनिल मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।
Home उत्तर प्रदेश कृष्ण जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा, पूजन सामग्री विसर्जित:नवाबगंज में नौ स्थानों से...








































