UP: आजमगढ़ में रौनापार थाना पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने के मामले में वांछित आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लिया और आजमगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया।
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 को युवती की शिकायत पर रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए गए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी गई। पीड़िता ने गाली-गलौज और धमकाने का भी आरोप लगाया था।
Also Read: UP: अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप, विरोध पर महिला और बेटी को हत्या की धमकी
विवेचना में सामने आया आरोपी का नाम
इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 173/2026 के तहत धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस और 67ए आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आर्यन गिरी उर्फ विशाल गिरी का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी हासिल किया था।
मोबाइल लोकेशन से अहमदाबाद तक पहुंची पुलिस
एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विवेचक एवं निरीक्षक अपराध अशोक कुमार तिवारी ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की तो उसकी मौजूदगी गुजरात के अहमदाबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सरसपुर इटवारा, थाना शहर कोटडा क्षेत्र स्थित किराए के मकान पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: Azamgarh: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
ट्रांजिट रिमांड लेकर आजमगढ़ लाई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद अहमदाबाद की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया पूरी की गई और पुलिस टीम उसे आजमगढ़ लेकर पहुंची। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन गिरी उर्फ विशाल गिरी पुत्र राकेश गिरी, निवासी ग्राम धरमगंज, थाना भीटी, जनपद अंबेडकर नगर, हाल पता रामपुर की चाली, अंबेडकर, अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।








































