BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश नहर में मिला लापता अधेड़ का शव:लापता था लालचंद, पत्नी ने की...

नहर में मिला लापता अधेड़ का शव:लापता था लालचंद, पत्नी ने की पहचान

0
0

भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा पुल के पास बड़ी नहर में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है। शव की पहचान महाराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के चिउरहां निवासी लालचंद (45) के रूप में हुई है। वह मंगलवार से लापता थे। लालचंद फिलहाल भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ागांव स्थित अपनी ससुराल में परिवार के साथ रह रहे थे। बीते मंगलवार दोपहर को वह किसी काम से भिटौली गए थे, जिसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने लालचंद की तलाश शुरू कर दी। दो दिन तक तलाश करने के बाद भी जब उनका कहीं पता नहीं चला, तो गुरुवार सुबह उनकी पत्नी इंदु ने भिटौली थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पुलिस भी परिजनों के साथ तलाश में जुट गई थी। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे राहगीरों ने नहर में एक शव तैरता देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लालचंद की पत्नी इंदु भी वहां पहुंचीं और शव की पहचान अपने पति के रूप में की। परिजनों की सूचना पर उप निरीक्षक यदुवीर यादव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नहर से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भिटौली थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। लालचंद नहर में कैसे गिरे, इसकी जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।