BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चालक की मौत, परिवार...

तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
0

सुल्तानपुर: लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। शिवगढ़ रोड पर करनपुर मठिया के पास बुधवार को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने आगे चल रहे ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-रिक्शा चालक लंभुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायल चालक को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Also Read: अयोध्या: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बोले- राम मंदिर प्रबंधन कर्मचारियों को सौंपा जाए, आरएसएस की भूमिका पर उठाए सवाल

मृतक की पहचान गिरजेश पुत्र रामजग (34) निवासी ग्राम दहैव गोपाल पट्टी, थाना लंभुआ के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गिरजेश अपने पीछे पत्नी अर्चना, पांच वर्षीय बेटे और ढाई वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों को शायद अभी यह भी एहसास नहीं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।

सूचना पर पहुंची लंभुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सख्त किए जाने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)