महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव में मोगलहा शरीफ दरगाह पर सालाना उर्स की तैयारियां चल रही हैं। उर्स और मेला 18 और 19 नवंबर को होगा। दरगाह में देश के अलग-अलग राज्यों और नेपाल से जायरीन पहुंचते हैं।
.
दरगाह का पूरा नाम हजरत खैरुल्लाह शाह अलमारूफ हरे भरे शाह है। मान्यता है कि यहां सच्चे दिल से मांगी गई मुराद पूरी होती है।
उर्स से पहले दरगाह परिसर की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और लाइटिंग का काम अंतिम चरण में है।
दरगाह के सज्जादानशीन हजरत अलाउद्दीन शाह अलमारूफ बहारुल्लाह शाह ने बताया कि 18 नवंबर को फज्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी से उर्स शुरू होगा। दिनभर गुलपोशी और चादरपोशी होगी।
शाम को जश्न-ए-चिराग और गागर शरीफ की रस्म होगी। इसके बाद पूरी रात महफिल-ए-समा होगी, जिसमें मशहूर कव्वाल अपने कलाम पेश करेंगे।
19 नवंबर को जोहर की नमाज के बाद महफिल-ए-समा होगी। शाम 4 बजे कुल शरीफ की रस्म के साथ उर्स का समापन होगा। इस दौरान देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की जाएगी।
दरगाह के खादिम एडवोकेट मोहम्मद ताहिर ने बताया कि मोगलहा शरीफ की दरगाह सदियों से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल रही है। यहां हर जाति और धर्म के लोग मुराद लेकर पहुंचते हैं। जायरीनों की सुविधा के लिए दरगाह कमेटी इंतजाम कर रही है।















