Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश सिरसिया-भिनगा मार्ग पर बाइक सड़क किनारे गिरी:चार लोग घायल, एक को गंभीर...

सिरसिया-भिनगा मार्ग पर बाइक सड़क किनारे गिरी:चार लोग घायल, एक को गंभीर हालत में बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया

0
0

श्रावस्ती में सिरसिया-भिनगा मार्ग पर शनिवार तड़के बाइक सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। संतोष की हालत गंभीर होने पर उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसा सिरसिया थाना क्षेत्र में नाला पुल के पास हुआ। महासेमरा गांव के संतोष (20), पुत्र सत्यदेव, अपने साथियों दीपक, प्रमोद और बच्चा राम के साथ भिनगा के मधुबन मैरिज हॉल में शादी-विवाह के दौरान सजावट का काम करने गए थे। शनिवार तड़के करीब तीन बजे काम खत्म करने के बाद चारों एक ही बाइक से महासेमरा लौट रहे थे। नाला पुल के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे जा गिरी। संतोष के सिर में गंभीर चोट आई। चारों को संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद संतोष को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से उन्हें बहराइच भेजा गया। दीपक, प्रमोद और बच्चा राम का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एंबुलेंस में ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान ने मरीज की स्थिति पर नजर रखी। उन्होंने कंट्रोल रूम में मौजूद डॉक्टर से सलाह लेकर रास्ते में जरूरी उपचार दिया। चालक मनोज के सहयोग से संतोष को बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर भर्ती कराया गया। संतोष के परिजनों ने ईएमटी मोहम्मद आरिफ खान और चालक मनोज का आभार जताया। उन्होंने आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के लिए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को भी धन्यवाद दिया।