श्रावस्ती :जनपद के जमुनहा क्षेत्र के लक्ष्मणपुर सेमरहनिया घाट पर शनिवार दोपहर 1:00 बजे राप्ती नदी किनारे विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर्व से पहले इसकी मौजूदगी से ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ करीब एक घंटे तक पानी से निकलकर नदी किनारे बैठा रहा। उसे देखने के लिए घाट पर लोग जुट गए । वहीं लोगों ने नदी मे मगरमच्छ के साथ उसके कुछ छोटे बच्चे भी देखने का दावा किया है। स्थानीय मनीष कुमार शिवम और फैजी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर स्नान करने पहुंचते हैं। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से पर्व से पहले मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू करने या फिर घाट पर सतर्कता बरतने की मांग की है। स्थानीय युवक मनीष कुमार यादव ने बताया कि दो-तीन दिनों में कार्तिक पूर्णिमा का मेला लगेगा। स्नान के लिए काफी लोग राप्ती नदी पहुंचेंगे। युवाओं ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर किसी उपयुक्त जगह छोड़ने की मांग की है। मगरमच्छ दिखने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और नदी किनारे जाने या पानी में उतरने से बचने की सलाह दी।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से स्नान पर्व से पहले ठोस कदम उठाने और घाट पर सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
श्रावस्ती के राप्ती नदी में दिखा मगरमच्छ:कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता
BREAKING
NEWS

















