BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ एनएच बाईपास निर्माण में बाधा बन रहे 170 पेड़ हटाए:सिद्धार्थनगर में प्रशासन...

एनएच बाईपास निर्माण में बाधा बन रहे 170 पेड़ हटाए:सिद्धार्थनगर में प्रशासन ने भारी फोर्स के साथ 10 मंडी जमीन खाली कराई

शोहरतगढ़ तहसील के चिल्हिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 बाईपास के निर्माण में बाधा बन रही जमीन और पेड़ों को प्रशासन ने खाली करा दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसील और पुलिस प्रशासन ने भारी फोर्स के साथ पहुंचकर बुलडोजर और क्रेन मशीन से यह कार्रवाई की। दो दिनों के अभियान में गुरुवार सुबह तक काफी मलबा हटा दिया गया। एसडीएम शोहरतगढ़ राजेश कुमार और सीओ रोहिणी यादव की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई। इसमें चार थानों की फोर्स, पीएसी बटालियन, स्पेशल पुलिस जवान, एंटी रोमियो टीम, महिला पुलिस और राजस्व टीम के साथ एनएच विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। महादेवा गांव से चिल्हिया रेलवे क्रॉसिंग के पूरब में बन रहे बाईपास के लिए 10 मंडी जमीन पर लगे 170 पेड़ों को तीन पोकलैंड मशीनों से उखाड़कर एनएच विभाग को सौंप दिया गया। यह जमीन महादेवा निवासी अश्विनी कुमार सिंह की थी, जिसे एनएच विभाग ने करीब दो साल पहले अधिग्रहित किया था। लेकिन जमीन खाली न होने के कारण बाईपास सड़क का निर्माण रुका हुआ था। इसके बाद एनएच विभाग ने जिलाधिकारी (डीएम) से जमीन खाली कराने की गुहार लगाई थी। डीएम ने शोहरतगढ़ एसडीएम को जमीन खाली कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, किसान अश्विनी कुमार सिंह का आरोप है कि प्रशासन ने बिना मुआवजा दिए उनकी जमीन खाली कराई है। इस पर एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि महादेवा से चिल्हिया के पेट्रोल पंप तक बन रहे बाईपास में जिन किसानों की जमीन एनएच ने ली थी, उन सभी को मुआवजा दिया गया है। अश्विनी कुमार सिंह ने मुआवजा नहीं उठाया था और वे एनएच विभाग को जमीन खाली नहीं करने दे रहे थे। यह मामला दो साल से अटका हुआ था, जिसे अब डीएम के आदेश पर खाली कराया गया है।