BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में लावारिस वृद्ध की मेडिकल कॉलेज में मौत:रेलवे स्टेशन के पास...

बस्ती में लावारिस वृद्ध की मेडिकल कॉलेज में मौत:रेलवे स्टेशन के पास मिला था, पेट में भरा था पानी; पुलिस परिजनों की तलाश में

बस्ती में रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास लावारिस हालत में मिले एक वृद्ध की सोमवार शाम करीब सात बजे महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से जुड़े ओपेक हॉस्पिटल कैली की इमरजेंसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। वृद्ध की वेशभूषा साधु जैसी बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इमरजेंसी इंचार्ज मेल स्टाफ नर्स शुभम त्रिपाठी के अनुसार, वृद्ध को रविवार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि उसके पेट में काफी पानी भरा था और शरीर में इन्फेक्शन फैल गया था। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने से उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में भर्ती करते समय वृद्ध ने अपना नाम श्याम नारायण सिंह (60) और पिता का नाम स्वर्गीय केदारनाथ सिंह बताया था। उसने अपना पता थाना व मोहल्ला पूरा मुफ्त, जिला प्रयागराज बताया था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के समय उसके साथ कोई परिजन नहीं था। सोमवार शाम करीब 7 बजे इलाज के दौरान मौत होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब वृद्ध के बताए नाम-पते के आधार पर उसके परिजनों की जानकारी जुटा रही है, ताकि परिवार को मौत की खबर दी जा सके।