Home उत्तर प्रदेश कतर्नियाघाट में बाघिन और तीन शावक सड़क पर, VIDEO:मोतीपुर-बिछिया मार्ग पर देर...

कतर्नियाघाट में बाघिन और तीन शावक सड़क पर, VIDEO:मोतीपुर-बिछिया मार्ग पर देर रात दिखा दुर्लभ नजारा

0
3


कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में वन्यजीवों की मौजूदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। सुजौली थाना क्षेत्र में मोतीपुर-बिछिया मार्ग पर गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास देर रात एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ सड़क पर चहल-कदमी करती दिखी। अचानक बाघिन और उसके शावकों को सड़क पर देखकर राहगीर हैरान रह गए। वाहनों के पहिए थम गए और लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर इस दुर्लभ नजारे को कैमरे में कैद करने लगे। बाघिन अपने तीनों शावकों के साथ सड़क पर काफी देर तक घूमती रही। इस दौरान वह कभी सड़क के एक ओर तो कभी दूसरी ओर अपने शावकों के साथ दिखाई दी। करीब दो मिनट तक सड़क पर बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। प्रत्यक्षदर्शी अशफाक, मनीष, शोयब और मतीन समेत अन्य राहगीरों ने बताया कि बाघिन काफी देर तक अपने शावकों के साथ सड़क पर मौजूद रही। वन्यजीवों को इतने करीब से देखने का यह नजारा उनके लिए यादगार रहा। राहगीरों ने वाहन रोककर सुरक्षित दूरी से इसका वीडियो बनाया। करीब दो मिनट बाद बाघिन अपने तीनों शावकों को लेकर सड़क छोड़कर जंगल की ओर चली गई, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो सकी। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग लगातार वन्यजीवों के लिए अनुकूल साबित हो रहा है। जंगल में बाघिन का अपने शावकों के साथ दिखाई देना क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता और प्राकृतिक आवास की बेहतर स्थिति की ओर संकेत करता है। बाघिन और तीन शावकों का एक साथ सड़क पर दिखाई देना वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का विषय बन गया है। हालांकि, वन क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह जरूरी है कि वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें, शोर न करें और किसी भी तरह वन्यजीवों को परेशान न करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here