
महराजगंज जिला अस्पताल में पिछले कई सप्ताह से खराब पड़ी सीटी स्कैन मशीन से परेशान मरीजों के लिए राहत की खबर है। अस्पताल प्रशासन ने नई सीटी स्कैन मशीन का सेटअप पूरी तरह से पूरा कर लिया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि मशीन की स्थापना की सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। आगामी शनिवार से इस नई सीटी स्कैन मशीन की सेवा आम जनता के लिए शुरू की जाएगी। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी। गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को बाहर के निजी सेंटरों में जांच करानी पड़ती थी। इन सेंटरों में एक सीटी स्कैन के लिए 1500 रुपये से लेकर 3500 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। अब जिला अस्पताल में नई मशीन शुरू होने से यह जांच पूरी तरह से मुफ्त की जाएगी। इससे मरीजों को इस आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी। मशीन की खराबी के बाद से अस्पताल प्रबंधन नई मशीन के सेटअप के प्रयास में लगा हुआ था। सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी ने व्यक्तिगत रुचि लेकर शासन स्तर और तकनीकी टीम के साथ मिलकर सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराया है। उन्होंने बताया कि शनिवार से मरीजों को अब सीटी स्कैन के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें अस्पताल परिसर में ही बेहतर और जल्द स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।































