
बहराइच के नगर क्षेत्र के ब्लॉक स्टेशन रोड पर इन दिनों आवारा पशुओं का झुंड राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी बन गया है। सड़क पर जगह-जगह पशुओं के बैठे और घूमते रहने से यातायात पर असर पड़ रहा है। इससे अचानक पशुओं के सड़क पर आ जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ब्लॉक स्टेशन रोड पर दिन के साथ-साथ शाम के समय भी बड़ी संख्या में आवारा पशु सड़क पर आ जाते हैं। कई बार ये पशु सड़क के बीच में खड़े रहते हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं। रात के समय हालात और खतरनाक हो जाते हैं, क्योंकि कम रोशनी में सड़क पर बैठे पशु आसानी से दिखते नहीं हैं। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। राहगीरों का कहना है कि आवारा पशुओं की समस्या को लेकर अधिकारियों को कई बार बताया जा चुका है। लेकिन अभी तक कोई ठोस इंतजाम नहीं हुआ है। लोगों ने नगर प्रशासन से अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सड़क से हटाने और उनके लिए उचित इंतजाम करने की मांग की है।































