बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल कला गांव के 70 वर्षीय भगवान दत्त से 30 हजार रुपए लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आवास योजना का पैसा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति उन्हें बाइक पर बैठाकर ले गया। खाते से रुपए निकलवाने के बाद आरोपी ने नकद
.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी भगवान दत्त को बस्ती जिले के कई ग्राहक सेवा केंद्रों पर ले गया और खाते से रुपए निकालने की कोशिश की। वहां रुपए नहीं निकल सके, तो वह उन्हें अयोध्या ले गया। वहां आधार कार्ड के जरिए खाते से 30 हजार रुपए निकलवाए गए। इसके बाद आरोपी ने नकदी छीन ली।
बताया गया है कि विरोध करने पर आरोपी ने दर्शन नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में भगवान दत्त से मारपीट की और उन्हें सड़क किनारे छोड़कर भाग गया। भगवान दत्त ने पास की पंचर की दुकान से अपने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी और मदद मांगी।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी मदद की। परिजन उन्हें घर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हर्रैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हर्रैया पुलिस मामले की जांच कर रही है। इलाके में नए थाना प्रभारी गोविंद कुमार की तैनाती के बीच हुई इस घटना के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है।

















