दुर्गेश कुमार | मिहींपुरवा नगर पंचायत(मोतीपुर), बहराइच12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मिहींपुरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 में स्थित मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालाब बन गया है। परिसर में पानी भरने से एंबुलेंस और मरीजों के तीमारदारों को काफी दिक्कत हो रही है।
कैंटीन चलाने वालों ने बताया कि पानी भरने से यहां बहुत मच्छर हो गए हैं। आने-जाने वाले लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है। कई बार एंबुलेंस के निकलने पर गंदे पानी के छींटे लोगों के कपड़ों पर पड़ जाते हैं।
इस जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। मरीजों और स्टाफ दोनों के लिए यह स्थिति चिंताजनक है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में तैनात चिकित्सा अधीक्षक महेश विश्वकर्मा इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। पहले भी ऐसी ही समस्या हुई थी।
तब वार्ड के सभासद हर्षित शुक्ला ने मलबा डलवाकर पानी भरने की समस्या खत्म कराई थी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद अब यह जगह फिर से तालाब बन गई है।
जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की गई है कि मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी भरने की समस्या को जल्द से जल्द खत्म किया जाए। इससे बीमारियों का खतरा कम होगा और एंबुलेंस व तीमारदारों की गाड़ियां आसानी से आ-जा सकेंगी।

































