
हरैया सतघरवा स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की कोडरी शाखा में पिछले एक सप्ताह से नकदी की भारी किल्लत बनी हुई है। इस कारण खाताधारक अपनी जमा पूंजी नहीं निकाल पा रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं को तो एक महीने से भी अधिक समय से नकदी के लिए बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। खाताधारकों प्रेम कुमार, संतोष कुमार, रामभरोसे, सुनील कुमार, बिक्रम, लाला राम और सुमन ने बताय की खेती किसानी का समय चल रहा है उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन एक सप्ताह से लगातार बैंक आने के बावजूद उन्हें नकदी नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं ने बैंक के इस रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। शाखा प्रबंधक राजेश कुमार सिंह ने इस संबंध में बताया कि बैंक में पिछले एक सप्ताह से नकदी की आपूर्ति नहीं हुई है, जिसके कारण यह किल्लत बनी हुई है। वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) डीके तिवारी ने कहा कि नकदी की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों को इस स्थिति से अवगत करा दिया गया है और जल्द ही नकदी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।






























