Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home बस्ती न्यूज़ बस्ती – रुधौली में तीन महीने में धंसी आरसीसी सड़क, समाजसेवी ने...

बस्ती – रुधौली में तीन महीने में धंसी आरसीसी सड़क, समाजसेवी ने उठाई आवाज

बस्ती के रुधौली नगर पंचायत में करीब तीन महीने पहले बनी RCC सड़क का किनारा धंस गया। समाजसेवी राजकुमार सोनी ने सड़क की गुणवत्ता और तकनीकी जांच की मांग उठाई।

बस्ती/रुधौली। नगर पंचायत रुधौली बाजार में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बस्ती-बांसी मार्ग से जुड़ी आरसीसी सड़क तहसील मुख्यालय होते हुए नगर पंचायत कार्यालय तक जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन माह पहले निर्मित कराई गई इस सड़क का किनारा धंस गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

मामले को लेकर युवा समाजसेवी राजकुमार सोनी ने जनता के हित में आवाज उठाते हुए सड़क की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग तहसील मुख्यालय और नगर पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क के किनारे हुआ धंसाव किसी संभावित हादसे का कारण बन सकता है।

राजकुमार सोनी ने धंसे हुए स्थान के पास पौधारोपण कर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि पौधारोपण के माध्यम से उनका उद्देश्य लोगों का ध्यान सड़क की खराब स्थिति की ओर आकर्षित करना और संभावित दुर्घटना वाले स्थान को चिन्हित करना है।

समाजसेवी ने नगर पंचायत प्रशासन से सड़क के धंसे हिस्से की तकनीकी जांच कराकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और इसमें खर्च की गई धनराशि की उपयोगिता की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई।

 

उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष धीरसेन निषाद के कार्यकाल में कराए गए इस निर्माण कार्य की भी जांच की मांग की है। हालांकि, निर्माण कार्य में अनियमितता या भ्रष्टाचार के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन सड़क की स्थिति को लेकर क्या कार्रवाई करता है और धंसे हुए हिस्से की मरम्मत कब तक कराई जाती है।

रिपोर्ट – रमेश चंद्र

एम एन टी न्यूज़, जिला संवाददाता बस्ती

संबंधित खबरें
Follow @mntnewsbharat