फोरलेन पर बड़हर गांव के एक पेट्रोल पंप से नीरज दूबे नाम के शख्स को बंधक बनाकर लूटपाट की गई। यह भारत पेट्रोल पंप हाईवे पर स्थित है। पीड़ित नीरज दूबे छावनी थाना क्षेत्र के शंभूपुर के रहने वाले हैं। वे महराजगंज से अपने घर लौट रहे थे। पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने उन्हें कार में बिठाकर सुनसान जगह ले गए। वहां उन्हें निर्वस्त्र कर उनका वीडियो बनाया गया। इसके बाद, बदमाशों ने नीरज को डरा-धमकाकर उनके बैंक खाते से ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उनके पास मौजूद करीब पचास हजार रुपये नकद भी लूट लिए। घटना के बाद डरे हुए नीरज दूबे ने हर्रैया थाने की बजाय छावनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। चूंकि घटना स्थल हर्रैया थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए हर्रैया पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह भी घटना की जानकारी मिलने के बाद छावनी थाने पहुंचीं।




















