बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को बस्ती पहुंचे। उन्होंने मतदाता सूची में 14 लाख 85 हजार वोट जुड़ने को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर पलटवार किया। कहा- अखिलेश यादव को थोड़ा पढ़ना-लिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है, बल्कि यह नौवीं बार की प्रक्रिया है। मतदाता सूची में गलतियों को सुधारने के लिए एसआईआर कराया जाता है। पंकज चौधरी ने कहा- विपक्ष के पास केवल आरोप लगाने का काम रह गया है, जबकि बीजेपी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता की सेवा करते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज के दम पर बीजेपी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। सर्किट हाउस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया शाम करीब 5.30 बजे पंकज चौधरी अयोध्या से बस्ती के सर्किट हाउस पहुंचे थे। रास्ते में विक्रमजोत, छावनी, कप्तानगंज, कोटवा, कुटिया, बड़ेवन और कंपनीबाग समेत कई स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बस्ती पहुंचने पर विक्रमजोत स्थित एक होटल में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की। बीजेपी तीसरी बाद मेहनत के दम पर सत्ता में आएगी उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने 12 साल और उत्तर प्रदेश में सरकार ने 10 साल तक काम किया है। सरकार के विकास कार्यों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आएगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- मतदाता लिस्ट में गलतियों को सुधारने के दौरान भी कुछ त्रुटियां रह सकती हैं। इसी को देखते हुए चुनाव आयोग ने 17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया है। जिन लोगों के नाम सूची में छूट गए हैं, वे अपने नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, गलत तरीके से दर्ज नामों को हटाने की भी व्यवस्था है। ये लोग भी मौजूद रहे इस दौरान गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, अखंड प्रताप सिंह, राजकुमार, अरविंद चौधरी, अंकुर वर्मा और प्रमोद चौधरी गिल्लम समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- अखिलेश को थोड़ा पढ़ना-लिखना चाहिए:बस्ती में पंकज चौधरी ने कहा- SIR पहली बार नहीं, नौवीं बार हो रहा
BREAKING
NEWS

















