बस्ती के तेनुआ बाजार में बने ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर हल्की बारिश से ही तालाब जैसी स्थिति बन गई है। जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है। पानी का निकास रुकने से सर्विस लेन पर कई फीट तक पानी जमा है। इससे बाजार आने वाले ग्राहकों और आसपास के गांवों को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर आवाजाही लगभग ठप हो गई है। जलभराव के कारण सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। पानी के बीच से निकलने वाले कई दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सर्विस रोड पर फिसलन और कीचड़ बढ़ने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोग शरद सिंह, मुनीष मिश्र, मनोज कुमार, अशोक कुमार, दिनेश कुमार और राहुल ने बताया कि जब से ओवरब्रिज बना है, तब से सर्विस रोड की हालत नहीं सुधरी है। नालियों की सफाई न होने और खराब जल निकासी के कारण बारिश का सारा पानी यहीं जमा हो जाता है। इससे व्यापारियों का कारोबार पूरी तरह से रुक गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए और सर्विस रोड की तुरंत मरम्मत कराई जाए।



























