
कैसरगंज के ग्रामसभा गोडहिया नंबर 02 स्थित मंगल मेला बाजार में एनडीआरएफ की टीम ने एक जागरूकता कार्यक्रम किया। टीम ने ग्रामीणों को संभावित आपदाओं से बचाव के तरीके बताए। कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने बाढ़, सर्पदंश (सांप के काटने) और आग लगने जैसी आपात स्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के जरूरी उपाय समझाए। उन्होंने खास तौर पर बाढ़ आने पर सुरक्षित जगह जाने, पानी में बेवजह न उतरने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में पानी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ आने की पूरी संभावना है। बढ़ते जलस्तर को लेकर ग्रामीणों में चिंता है। लोगों ने प्रशासन से समय रहते जरूरी तैयारियां करने और प्रभावित इलाकों पर नजर रखने की मांग की है। एनडीआरएफ टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहना, सावधानी बरतना और सही समय पर सुरक्षित जगह पहुंचना बहुत जरूरी है। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बलराम यादव के साथ बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।



























