बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र के गडहा ओझा गांव में पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के संभावित दौरे को लेकर ब्लॉक प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंत्री के आगमन की संभावना से एक दिन पहले गांव और आसपास के रास्तों की साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की पूरी टीम लगाई गई। जानकारी के मुताबिक, भारतीय सुहेलदेव पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्रा के घर पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गुरुवार को पहुंचने की संभावना है। इसी वजह से बुधवार को गडहा ओझा गांव में तैयारियां तेज हो गईं। कप्तानगंज ब्लॉक ने सफाई कर्मियों को लगाकर स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्रा के घर और गांव की ओर जाने वाले मुख्य रास्तों की साफ-सफाई करवाई। रास्तों के किनारे जमा गंदगी और झाड़ियों को हटाया गया। अचानक शुरू हुए इस सफाई अभियान को लेकर स्थानीय लोग भी चर्चा कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े अधिकारी या मंत्री के आने की खबर मिलते ही जिस तरह सरकारी अमला सक्रिय होता है, वैसा ही नजारा बुधवार को गांव में देखने को मिला। लोगों ने यह भी कहा कि अगर इसी तरह नियमित रूप से गांव के रास्तों और सार्वजनिक जगहों की सफाई होती रहे, तो उन्हें काफी सुविधा मिलेगी। मंत्री के संभावित आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन और ब्लॉक स्तर के अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।






































