महराजगंज के सिसवा कस्बे में बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण का छठियार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बाल गोपाल के जन्मोत्सव की छठी पर नगर के मुख्य मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया। श्रीरामजानकी मंदिर में पुजारी विजय शर्मा ने पूजन कराया। प्रेमचित्र मंदिर रोड के प्राचीन ठाकुरद्वारा में पुजारी संजय मालवीय ने पूजा की। प्राचीन भगवान जगन्नाथ मठ बड़हरा महंथ में मठाधीश महंथ संकर्षण रामानुज दास, उत्तराधिकारी बृजेश रामानुज दास और मुख्य अर्चक दुर्गेश मिश्रा ने पूजन संपन्न कराया। अन्य मंदिरों में भी पुजारियों ने भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन किया। श्रीश्याम मंदिर और श्रीकृष्ण मंदिर में भगवान को सर्व औषधि और पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रों के साथ भगवान का श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग के साथ विशेष पूजा-अर्चना हुई। दोपहर होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गए। दोपहर 12 बजे भगवान की महाआरती की गई। इस दौरान घंटियों और जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा गया। श्रीरामजानकी मंदिर, प्राचीन ठाकुरद्वारा और भगवान जगन्नाथ मंदिर में महाप्रसाद के लिए भंडारे लगे। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं में श्रीकृष्ण के प्रति गहरी आस्था और उत्साह साफ दिखा। छठियार के इस मौके पर मंदिरों में दिनभर भक्ति का माहौल रहा। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते रहे। इस दौरान ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजते रहे। इससे सिसवा की गलियां और मंदिर परिसर भक्तिमय हो गए। इस मौके पर मनोज केसरी, जितेंद्र वर्मा, अवध किशोर सुल्तानिया, विजय पाठक, संदीप सिंहानिया, धीरज सिंहानिया, बबलू शर्मा, शिबू केडिया, गिरधारी केडिया, अनिल खेतान, विकास सिंहानिया, दीपक मद्धेशिया, संदीप मोदनवाल, मोहन रौनियार, संतोष कसेरा, सोनू मद्धेशिया, अमित मद्धेशिया, विक्की कुमार, उत्सव शर्मा, कृष्णमुरारी शर्मा और विनय कसेरा समेत कई श्रद्धालु मौजूद थे।






































