
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में तेंदुए के हमलों से दहशत फैल गई है। आनंदनगर बरखड़िया गांव में तेंदुए ने एक 9 साल के बच्चे को मार डाला। वहीं, पचासा गांव में एक बालक घायल हो गया। इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने दोनों गांवों में पिंजरे लगाए हैं। इन हमलों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। आनंदनगर बरखड़िया में 9 साल के बच्चे की मौत के बाद लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा की मांग की थी। सूचना मिलते ही निशानगाड़ा और कतर्नियाघाट रेंज की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पैरों के निशान मिलने की पुष्टि की। इसके बाद संवेदनशील जगहों पर पिंजरे लगाए गए। गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क भी किया गया है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम के बाद खेतों में न जाएं। बच्चों को अकेला न छोड़ें और अपने मवेशियों को सुरक्षित जगह पर बांधें। पिंजरों पर नजर रखने के लिए वन कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।






































