
बहराइच के जरवलरोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर एक उपभोक्ता से मारपीट का मामला सामने आया है। गैस सिलेंडर लेने गए उपभोक्ता बहादुर के साथ एजेंसी के लिपिक अनमोल निगम ने गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के बम्भौरा गांव के रहने वाले बहादुर पुत्र किशुन शुक्रवार दोपहर इंडियन पोटाश लिमिटेड चीनी मिल परिसर में बनी इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गए थे। बहादुर ने एजेंसी पर मौजूद लिपिक अनमोल निगम को सिलेंडर के पैसे और पासबुक दी। आरोप है कि कर्मचारी ने उन्हें गैस देने से मना कर दिया। जब बहादुर ने मना करने का कारण पूछा, तो अनमोल निगम गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा। बहादुर ने जब गाली देने से रोका, तो कर्मचारी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बहादुर के शोर मचाने पर चीनी मिल के आसपास भीड़ जमा हो गई, जिससे उनकी जान बची। जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



























