MNT News Bharat - Live News Ticker
BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
News Sliding Menu
Home देश अजमेर निकाय चुनाव में 63.65% वोटिंग, 360 प्रत्याशियों के भाग्य पर लगा...

अजमेर निकाय चुनाव में 63.65% वोटिंग, 360 प्रत्याशियों के भाग्य पर लगा दांव

0
2
News Desk

अजमेर राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। शाम 6 बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शहर में कुल 63.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके साथ ही मैदान में उतरे 360 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है, और अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार मतदान में गिरावट

इस बार के चुनाव में मतदान प्रतिशत में पिछले चुनावों की तुलना में कमी आई है। वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में 66.17 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो इस बार 2.52 प्रतिशत घटकर 63.65 प्रतिशत पर आ गया है। हालांकि, ऐतिहासिक आंकड़ों पर गौर करें तो 2005 के बाद से यह तीसरा सबसे ज्यादा मतदान है।

  • 2005: 57.80%

  • 2010: 54.80%

  • 2015: 62.78%

  • 2021: 66.17% (रिकॉर्ड मतदान)

बागी उम्मीदवारों और बहुकोणीय मुकाबले के आसार

टिकट वितरण के बाद दोनों प्रमुख दलों (भाजपा और कांग्रेस) में हुई बगावत के कारण कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मजबूती से मैदान में डटे हैं। इससे मुकाबला कई जगहों पर त्रिकोणीय और बहुकोणीय हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कई वार्डों में हार-जीत का अंतर महज 100 से 200 वोटों का रह सकता है।

वर्ष 2021 के चुनावी नतीजे

पिछले यानी 2021 के नगर निगम चुनावों में भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल कर अपना बोर्ड बनाया था। उस समय कांग्रेस को 18, निर्दलीयों को 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को 1 सीट मिली थी, जबकि एक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई थीं। इस बार भाजपा के 79, कांग्रेस के 77 और 204 निर्दलीय व अन्य प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

14 सितंबर को होगी मतगणना और बाड़ेबंदी

चुनाव परिणामों से पहले राजनीतिक दल पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को पुष्कर के विभिन्न रिसॉर्ट्स में सुरक्षित भेजकर बाड़ेबंदी कर रखी है। पॉलीटेक्निक कॉलेज में 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। कुल 6 कमरों में होने वाली इस गिनती में सबसे पहले डाक मतपत्र और उसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना की जाएगी।