BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश कतर्निया रेंज में तेंदुए ने पालतू बकरे पर हमला किया:शोर मचाने पर...

कतर्निया रेंज में तेंदुए ने पालतू बकरे पर हमला किया:शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा तेंदुआ; ग्रामीणों में दहशत, वनकर्मी मौके पर पहुंचे

0
1


बहराइच में कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की सक्रियता बढ़ गई है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। बीती रात ग्राम पंचायत बड़खड़िया में एक पालतू बकरे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। बड़खड़िया निवासी अनीश पुत्र साहिबान ने अपना बकरा घर के बाहर बांधा था। देर रात जंगल से आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बकरे की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और शोर मचाया। शोर सुनकर तेंदुआ वहां से भाग गया, लेकिन तब तक बकरे की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही अनीस, साहिबान, राजू, सोनू, मेराज, रफीक जैसे ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वनकर्मी कौशल किशोर सिंह और वाचर विनोद मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और तेंदुए के हमले से बकरे की मौत की पुष्टि की। वनकर्मियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह भी दी। वनकर्मियों ने ग्रामीणों को रात में खास सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने सलाह दी कि घर के आसपास रोशनी रखें, पालतू मवेशियों को खुले में न बांधें और रात में अकेले बाहर न निकलें। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजड़ा लगाया है। हालांकि, तेंदुआ अभी तक पिंजड़े में फंसा नहीं है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर ग्रामीण क्षेत्र से दूर करने की मांग की है।