
बहराइच के बलहा ब्लॉक की ग्राम सभा खैरी समैसा में लंबे समय से इंडिया मार्का नल खराब पड़ा है। इससे ग्रामीणों को साफ पानी के लिए काफी दिक्कत हो रही है। गांव में सार्वजनिक पानी की सुविधा के लिए यह नल लगाया गया था, लेकिन खराब होने के बाद भी इसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उनका कहना है कि नल काफी समय से खराब है। नल खराब होने से खासकर गरीब परिवारों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को दूसरे स्थानों से पानी लाकर अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद नल की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी और उमस के बीच साफ पानी की जरूरत ज्यादा रहती है। ऐसे में सार्वजनिक नल खराब होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द इंडिया मार्का नल की मरम्मत कराकर पानी की व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके। मामले को लेकर ग्राम पंचायत के सेक्रेटरी सुनील कुमार से संपर्क किया गया। जब उनसे लंबे समय से खराब पड़े इंडिया मार्का नल को ठीक कराने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने समस्या पर ध्यान देते हुए कहा कि तीन घंटे का समय दीजिए, मिस्त्री भेजकर नल को सही करवा रहा हूं। सेक्रेटरी के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही खराब पड़े इंडिया मार्का नल की मरम्मत हो जाएगी। उन्हें दोबारा साफ पानी की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय से नल की मरम्मत करा दी जाती है, तो उन्हें पानी के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।







































