
बहराइच के पयागपुर में स्थित प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर में कजरी तीज पर्व पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और आसान आवाजाही के लिए 12 सितंबर की सुबह 8 बजे से 15 सितंबर की सुबह 8 बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पयागपुर के थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि कजरी तीज पर बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए भारी और कमर्शियल वाहनों को तय किए गए वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। जरूरी सेवाओं और इमरजेंसी वाहनों को इस यातायात बदलाव से छूट मिलेगी। यातायात पुलिस के इंतजाम के मुताबिक, दोनक्का तिराहा से बहराइच-गोंडा मार्ग से गोंडा-अयोध्या जाने वाले भारी और मालवाहक वाहनों को असाम रोड, गिलौला और बलरामपुर से होकर गुजारा जाएगा। इसी तरह, हुजूरपुर मोड़ कैसरगंज से हुजूरपुर-पयागपुर मार्ग पर गोंडा की ओर जाने वाले भारी और कमर्शियल वाहन बहराइच-असाम रोड, गिलौला और बलरामपुर मार्ग से अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे। हुजूरपुर चौराहा से कर्नलगंज और गोंडा जाने वाले वाहनों को बहराइच की ओर मोड़ा जाएगा। यहां से ये वाहन गिलौला और श्रावस्ती होते हुए आगे बढ़ेंगे। इसी तरह, पयागपुर चौराहा से गोंडा जाने वाले सभी भारी और मालवाहक वाहनों को मोहनपुर-गिलौला से बलरामपुर मार्ग से भेजा जाएगा। बागेश्वरनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। हुजूरपुर मार्ग से आने वाले वाहनों को अर्जुन पुरवा चौराहा पर रोका जाएगा। भूपगंज कोर्ट बाजार से बागेश्वरनाथ आने वाले वाहनों को कब इंटर कॉलेज के ग्राउंड के पास रोका जाएगा। बस स्टैंड की ओर से आने वाले वाहनों को सचौली के पास रोका जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। थानाध्यक्ष ने लोगों से पुलिस द्वारा तय किए गए वैकल्पिक रास्तों का पालन करने की अपील की है।






































