BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट उत्तराखंड से यूपी तक बारिश का कहर, कई सड़कें बंद; कई इलाकों...

उत्तराखंड से यूपी तक बारिश का कहर, कई सड़कें बंद; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

0
7

  • उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंसे

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन गई है। उत्तराखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में सड़कें बंद हैं, जबकि नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी घुस गया है।

उत्तराखंड में 86 सड़कें बंद
उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण आदि कैलाश मार्ग समेत कुल 86 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें चमोली की 21, नैनीताल की 18 और पिथौरागढ़ की 15 सड़कें शामिल हैं। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।

वहीं, लगातार बर्फबारी के कारण उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सपोर्ट स्टाफ फंस गए हैं। इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

संबंधित खबरें

बिहार के 23 गांवों में बाढ़
नेपाल की ओर से गंडक नदी में पानी छोड़े जाने के बाद बिहार के पश्चिम चंपारण और सुपौल जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। दोनों जिलों के करीब 23 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण लगभग 82 हजार लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से जारी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।

आंधी और बारिश के कारण पिछले दो दिनों में प्रदेश में 63 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। राज्य की आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कुशीनगर में भी दो गांवों के करीब 1,400 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 46 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को भी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी बारिश का असर
छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश का असर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी दिखाई दे रहा है। यहां कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते इन क्षेत्रों में भी जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क है।