BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग अमेठी: बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार, नाबालिग...

अमेठी: बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार, नाबालिग समेत 3 पकड़े गए

0
0

अमेठी: बंद घरों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गौरीगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लाख रुपए से अधिक कीमत के जेवरात, घरेलू बर्तन और 1,80,100 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नाबालिग को बाल अपचारी के तौर पर निगरानी में भेजा गया है।

गुरुवार को पुलिस ऑफिस सभागार में एसपी सरवणन टी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में पिछले दिनों बंद घरों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने असैदापुर निवासी वैभव तिवारी पुत्र करुणा शंकर तिवारी, दुलारे खान पुत्र गुफरान और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया।

Also Read: Gonda: घर की खिड़की बनी चोरों का रास्ता, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, चोरी का माल बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 16 जोड़ी बिछिया, आठ जोड़ी पायल, तीन कटोरे, तीन गिलास, तीन सफेद धातु के चम्मच, चार अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, दो बाला, दो लॉकेट समेत अन्य घरेलू बर्तन और 1,80,100 रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों ने मिलकर कुछ दिन पहले माधवपुर, जेठू मवई और मोहल्ला अहिरन माधवपुर समेत दो अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

एसपी सरवणन टी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में वैभव तिवारी के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। दोनों बालिग आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग को बाल अपचारी के रूप में पुलिस निगरानी में भेजा गया है। एसपी ने बताया कि मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आगे गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)