सिसवा नगर पालिका में बुधवार को विकास कार्यों को नई गति देते हुए करीब 1.91 करोड़ रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। सुभाष नगर वार्ड में 46.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बैंक्वेट हॉल और शिवाजी नगर वार्ड स्थित नगरपालिका कार्यालय परिसर में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित लाइब्रेरी का विधि-विधान से पूजन के बाद शिलान्यास हुआ। ज्योतिर्विद रवि मिश्रा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान धार्मिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्यों के सफल और समयबद्ध पूर्ण होने की कामना की गई। शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नगर में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया। नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि बैंक्वेट हॉल बनने से नगरवासियों को सामाजिक, पारिवारिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, नगरपालिका कार्यालय परिसर में बनने वाली लाइब्रेरी विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लोगों के लिए अध्ययन का बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि नगर में विकास कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है। बैंक्वेट हॉल और लाइब्रेरी जैसी परियोजनाएं नगर की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनके निर्माण से सार्वजनिक उपयोग की सुविधाओं में विस्तार होगा और नगरवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी विंध्याचल, सभासद प्रतिनिधि जितेंद्र वर्मा, हासिम अंसारी, सत्यकाम जायसवाल, सभासद रामसूरज, मुन्ना गोंड, कपिलदेव भारती, रवि मिश्रा, विकासदीप जायसवाल, शकील अहमद, विनोद गुप्ता, अनिल गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान नगर के विकास कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ सिसवा नगरपालिका में विकास कार्यों को मिली सौगात:1.91 करोड़ की दो परियोजनाओं...





















