
भारत-नेपाल सीमा पर विदेशी मक्के की तस्करी का खुलासा हुआ है। एसएसबी की 50वीं वाहिनी की बढ़नी टीम ने मंगलवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर कार्रवाई कर एक ऑल्टो कार से 18 बोरी विदेशी मक्का बरामद किया। मौके से एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया। एसएसबी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी। इसमें कहा गया था कि नेपाल से विदेशी मक्के की खेप कार से भारतीय बाजार में लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर जवानों ने मुकेश चंद्र की अगुवाई में निगरानी तेज कर दी। रात करीब नौ बजे बढ़नी कस्बे से निकल रही एक संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन, चालक कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर एनएच-730 पर दुबौलिया बुजुर्ग नहर पुल के पास कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 18 बोरी विदेशी मक्का मिला। चालक ज्ञानदास अग्रहरी को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि नेपाल से मक्का लाकर सीमावर्ती बाजार में इकट्ठा किया जाता है। काफी मात्रा में मक्का जमा होने के बाद इसे गाड़ियों से भारतीय मंडियों तक भेजा जाता है। एसएसबी ने बरामद मक्का, कार और पकड़े गए व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया है।


























