BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ महराजगंज में पनियरा बभनौली पुल का अप्रोच धंसा:सड़क पर बड़ा होल बना,...

महराजगंज में पनियरा बभनौली पुल का अप्रोच धंसा:सड़क पर बड़ा होल बना, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर टाला हादसा, अधिकारी पहुंचे

राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-328 पर बभनौली पुल का अप्रोच बुधवार रात करीब 2 बजे अचानक धंस गया। सड़क पर बड़ा गड्ढा बन जाने से पुल से गुजर रहा एक पिकअप वाहन उसमें फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और धंसे हिस्से के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी। समय रहते सुरक्षा व्यवस्था किए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अप्रोच धंसने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को घेर दिया। पुलिस ने रात में ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि अंधेरे में कोई वाहन गड्ढे में न फंस जाए। जेसीबी से निकाला गया गड्ढे में फंसा पिकअप गड्ढे में फंसे पिकअप वाहन को सुबह जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद सड़क की स्थिति को देखते हुए बड़े और लोडेड वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। छोटे वाहनों को पुलिस की निगरानी में सावधानी के साथ निकाला जा रहा है। अप्रोच धंसने के बाद एनएच-328 पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ बड़े ट्रकों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहनों के रुकने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है और यातायात को नियंत्रित कर रही है। 40 साल पुराना है बभनौली का पुल स्थानीय लोगों के मुताबिक, बभनौली का यह पुल करीब 40 साल पुराना है। पहले यहां लकड़ी का पुल हुआ करता था। इसके बाद लोहे का पुल बनाया गया और बाद में पक्के पुल का निर्माण कराया गया। यह मार्ग तमकुही से परतावल होते हुए बस्ती फोरलेन से जुड़ता है। इस मार्ग पर रोज बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ट्रक और अन्य भारी वाहन इसी रास्ते से लखनऊ समेत दूसरे शहरों की ओर जाते हैं। ऐसे में पुल का अप्रोच धंसने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही रोकने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। रात में ही पीडब्ल्यूडी को दी गई थी सूचना पनियरा थाने के नए थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे पुल का अप्रोच धंसने की सूचना मिली थी। पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजकर धंसे हिस्से की बैरिकेडिंग कराई गई। साथ ही रात में ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी गोरखपुर के जूनियर इंजीनियर अवधेश गुप्ता ने बताया कि धंसे अप्रोच की मरम्मत का काम तत्काल शुरू करा दिया गया है। प्रयास है कि सड़क को जल्द से जल्द आवागमन के लिए दुरुस्त किया जा सके।